उत्तरप्रदेश

मैदानी इलाकों में सर्दी कोहरे व शीतलहर का प्रकोप जारी, यूपी में 50 लोगों की मौत; यहां शून्य डिग्री पहुंच सकता है पारा

नई दिल्ली। कई दिनों से जारी सर्दी और शीतलहर के बाद पाला पड़ने से उत्तर भारत में मुश्किलें बढ़ गई हैं। हालांकि हवा की दिशा में बदलाव के कारण 22 वर्षों के सबसे लंबे ठंड के दौर से गुजरे दिल्ली वालों को रविवार को थोड़ी राहत मिली, लेकिन हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में कड़ाके की सर्दी जारी है। कोहरे के कारण रेल और वायु यातायात प्रभावित है। कश्मीर के विक्षोभ व उत्तर-पश्चिम हवाओं के चलते मैदानी इलाकों में सर्दी, कोहरे व शीतलहर का प्रकोप जारी है। राष्ट्रीय राजधानी में रविवार सुबह औसत न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दिल्ली के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस तक रहा। मौसम विभाग का कहना है कि ऐसा उत्तर-पश्चिम से हवा की दिशा में तेजी से बदलाव शुरू होने से हुआ।

 उप्र में ठंड से 50 लोगों की मौत  कश्मीर के विक्षोभ और उत्तर-पश्चिम हवाओं के चलते प्रदेश में सर्दी, कोहरे व शीतलहर का प्रकोप जारी है। रविवार को विभिन्न जिलों में निकली धूप शीतलहर और गलन के आगे नतमस्तक रही। रविवार को कानपुर देहात, उन्नाव, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, फतेहपुर, सहारनपुर और सुलतानपुर प्रदेश में सबसे अधिक ठंडे रहे, यहां न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, ठंड की चपेट में आने से सूबे में रविवार को 50 लोगों की मौत हो गई। लखनऊ में दिन में धूप निकलने से पारा में कुछ सुधार हुआ। शहर का अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से नौ डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम सामान्य से एक डिग्री कम 6.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। तराई क्षेत्र में बहराइच और श्रावस्ती में रविवार को सूर्य के दर्शन ही नहीं हुए।

 यूपी के इन जिलों में पारा शून्य डिग्री पहुंच सकता है  मौसम विभाग की तरफ से जारी रेड अलर्ट के मुताबिक सोमवार को कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बिजनौर, आगरा व बांदा में पारा शून्य डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सहारनपुर का न्यूनतम 2 डिग्री, बुलंदशहर, शामली का तीन डिग्री सेल्सियस रहा। मुरादाबाद मंडल में ठिठुरन का प्रकोप बना रहा। अमरोहा जिले में ठंड से दो महिलाओं समेत चार लोगों की मौत हो गई। न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पीलीभीत में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रहा। ठंड की चपेट में आने से अलीगढ़ में एक, अतरौली में दो लोगों मौत हो गई।

नए वर्ष में हो सकती है बारिश  मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि सोमवार से प्रदेश में हवा का रुख बदलेगा। जम्मू-कश्मीर के पास विक्षोभ की स्थिति है। ऐसे में उत्तरी-पश्चिमी के बजाय दक्षिणी-पूर्वी हवा चलेगी। सुबह व रात को कोहरा बढ़ेगा। नए वर्ष में बारिश भी हो सकती है। ।

कोहरे में रविवार को भी प्रभावित हुई विमान व रेल सेवाएं  रविवार को नई दिल्ली जाने वाली गोमती एक्सप्रेस कोहरे की भेंट चढ़ गई। कई दिनों से लेट चल रही गोमती एक्सप्रेस को रेलवे ने अचानक निरस्त कर दिया। इतना ही नहीं लखनऊ से कानपुर के बीच चलने वाले तीन मेमू सेवाओं को भी रद कर दिया गया। उधर, कोहरे के कारण रविवार को भी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विमान देरी से उतरे। मुंबई से आने वाला विमान कोलकाता डायवर्ट कर दिया गया। कई ट्रेनें लेट लतीफी का शिकार हुई। ट्रेन 14853 मरुधर एक्सप्रेस 11:35 घंटे देरी से आयी। वहीं जलियांवाला बाग एक्सप्रेस, अवध आसाम एक्सप्रेस, कोटा पटना एक्सप्रेस, हावड़ा अमृतसर एक्सप्रेस और बिहार सप्तक्रांति एक्सप्रेस भी प्रभावित रहीं।

ठंड से ठिठुर रहे मप्र में बारिश के आसार  बीते तीन दिनों से ठंड से ठिठुर रहे मध्य प्रदेश में मंगलवार से बारिश के आसार बन रहे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान में ऊपरी हवा में बने चक्रवात के कारण नमी आ रही है और प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाने लगे हैं। रविवार को पर्यटन स्थली पचमढ़ी में पारा 1.2 डिग्री पर रहा। वहीं गुना और सागर में रिकॉर्डतोड़ सर्दी देखी गई। गुना में न्यूनतम तापमान 2, अशोकनगर में 2.1, सागर में 2.5 और बैतूल में 2.8 डिग्री दर्ज हुआ। अन्य जिलों में भी कड़ाके की सर्दी जारी है।

बठिंडा 2.4 डिग्री के साथ सबसे ठंडा, फिरोजपुर व आनंदपुर भी 2.5 पर पहुंचे  पंजाब में ठंड का प्रकोप लगाता बढ़ता जा रहा है। रविवार को बठिंडा 2.4 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य में सबसे ठंडा रहा। इसके अलावा फिरोजपुर व आनंदपुर में पारा भी 2.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। दिन में पंजाब के सभी शहर कुल्लू, मनाली व शिमला से ठंडे रहे, जबकि तीन शहरों का दिन का पारा श्रीनगर से भी कम रहा। राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से 12 डिग्री सेल्सियस कम रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दो दिनों में घना कोहरा छाया रहेगा और प्रचंड शीतलहर चलेगी। 1 जनवरी से बारिश के आसार हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button