उत्तरप्रदेश

भर्ती में भ्रष्टाचार करने वालों की संपत्ति जब्त कर जेल भेजा जाएगाः योगी

बुलंदशहर ।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नौजवान हमारी ऊर्जा का प्रतीक हैं। सरकार नौजवानों और किसानों के लिए बनी कार्ययोजना पर काम कर रही है। यूपी पुलिस में एक लाख 62 हजार सिपाही के पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। भर्ती में भ्रष्टाचार करने वालों की सम्पत्ति जब्त कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। शुक्रवार को 102 करोड़ की योजनाओं के शिलान्यास के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों में भेदभाव के कारण किसान समस्याओं से जूझता था। चीनी मिलें गन्ना नहीं लेती थीं। गन्ना भुगतान भी नहीं होता था। अब केन्द्र व प्रदेश सरकार किसानों के मसीहा चौ. चरण सिंह के सपने को साकार कर रही हैं। 26 हजार करोड़ रुपये गन्ना भुगतान हो चुका है। खेतों में गन्ना रहने तक पूरे सूबे में चीनी मिलें चलेंगी। गांवों को 18 घंटे बिजली दे रहे हैं। पहले डीजल इंजन से सिंचाई करने पर किसान का 25 रुपये यूनिट का खर्च आता था लेकिन अब सिंचाई खर्च मात्र 80 पैसे प्रति यूनिट है। किसान एकमुश्त बिजली बिल जमा करें, सरकार सरचार्ज माफ करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा, पिछली सरकार में बहन-बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ होता रहा, लेकिन अब असामाजिक तत्वों के साथ सख्ती से निपटा जा रहा है। उन्होंने कहा, सरकार जेवर में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बनाने जा रही है। इससे हजारों लोगों को रोजगार मिलने के साथ दिल्ली जैसी सुविधाएं भी मुहैया होंगी।  मुख्यमंत्री ने कहा, 14 अप्रैल को डॉ. आंबेडकर जयंती पर शुरू हुआ ग्राम स्वराज अभियान पांच मई तक चलेगा। इसमें केंद्र की योजनाओं को गरीबों तक पहुंचाया जा रहा है। जनसभा के बाद कानून व्यवस्था व विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि कागजों में विकास कार्य और किसानों से धोखा करने वाले नहीं बख्शे जाएंगे। गरीबों के राशन की कालाबाजारी करने वाले राशन डीलरों पर रासुका लगेगी। जनप्रतिनिधियों की शिकायतों के निस्तारण को अधिकारी प्राथमिकता से लें।

काले झंडे दिखाने जा रहे सपाई हिरासत में- शहर कोतवाली क्षेत्र व स्याना में मुख्यमंत्री को काले झंडे दिखाने जा रहे दो दर्जन सपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सपाइयों ने आरोप लगाया कि प्रशासन सत्ता के दबाव में काम कर रहा है। बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। योगी ने बुलंदशहर जिला पंचायत अध्यक्ष को प्रदेश में प्रथम आने पर शुभकामनाएं दीं। जिला पंचायत को गोसेवा के काम में लगने को कहा। इससे पूर्व योगी ने मंच पर पहुंचकर योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किया। योगी के संबोधन के बीच में लगे योगी-योगी के नारे। मुख्यमंत्री कुछ देर बुलंदशहर गेस्ट हाउस में ठहरे और फरि पुलिस लाइन पहुंच कर कानून-व्यवस्था और विकास की समीक्षा की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button