Uttarakhand

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव

देहरादून। उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज समेत 22 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इससे पहले शनिवार को उनकी पत्नी अमृता रावत कोरोना पॉजिटिव पाई गईं थी, जिसके बाद उनके सैंपल लिए गए थे। रविवार को मिली रिपोर्ट में महाराज, उनके एक बेटे, पोते और बहुओं में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। एक बेटे की रिपोर्ट पर संशय होने पर सैंपल दोबारा लिया गया है। वहीं, कर्मचारियों के सैंपल में 17 लोग पॉजिटिव और 18 की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। कैबिनेट मंत्री महाराज की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अब कैबिनेट के साथ ही कई अधिकारियों को भी क्‍वारंटाइन किए जाने की संभावना है। कैबिनेट मंत्री महाराज 29 मई को कैबिनेट की बैठक में शामिल हुए। सरकार के प्रवक्‍ता और कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि अब स्‍वास्‍थ्‍य विभाग की जो भी गाइडलाइन होगी, मंत्री और अधिकारी उसका अनुपालन करेंगे।  उत्तराखंड में रविवार को 158 नए मामले मामले सामने आए हैं, जिनमें देहरादून 49, नैनीताल 31, ऊधमसिंहनगर 20, अल्मोड़ा 18, हरिद्वार 17, उत्तरकाशी 07, पौड़ी 06, चंपावत 04, टिहरी 03, चमोली 02 और रुद्रप्रयाग 01 शामिल हैं। प्रदेशभर में अब कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 909 हो गया है।

उम्रकैद की सजा काट रहे पांच कैदी कोरोना पॉजिटिव  सितारगंज में कोरोना ने सेंट्रल जेल में भी दस्तक दे दी है। यहां उम्रकैद की सजा काट रहे पांच कैदी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। 29 मई को इन कैदियों के सैंपल स्वास्थ्य विभाग ने लिए थे। संक्रमण की पुष्टि के बाद पांचों कैदियों को जेल में बनाए गए आइसोलेशन वॉर्ड में भर्ती कर दिया गया है। कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद से ही जेल में हड़कंप मचा हुआ है। प्रदेश में रविवार दो बजे तक कोरोना संक्रमण के 53 नए मामले आए हैं। इनमें देहरादून में 25, हरिद्वार में 15, पौड़ी में छह, उत्‍तरकाशी में छह और रुद्रप्रयाग में एक कोरोना पॉजिटिव केस आए। अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा 804 पहुंच गया है। वहीं, एम्‍स ऋषिकेश में भर्ती एक कोरोना संक्रमित युवक की सुबह मौत हो गई, जबकि दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में तैनात एक महिला एनेस्थेटिस्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।

एम्‍स ऋषिकेश में भर्ती कोरोना पॉजिटिव एक युवक की मौत  अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती एक संक्रमित युवक की रविवार की सुबह मौत हो गई। दो माह पूर्व इस युवक को छत में करंट लगा था। जिस कारण उसे उस वक्त यहां भर्ती किया गया था। उसके एक हाथ और पैर का कुछ हिस्सा काटना पड़ा था। एम्स निदेशक के स्टाफ ऑफिसर व कोविड-19 के नोडल अधिकारी डॉ मधुर उनियाल ने बताया कि पूर्व में इलाज के बाद मई के प्रथम सप्ताह में इस युवक को यहां से छुट्टी दे दी गई थी। 27 मई को वह स्वयं को दिखाने ओपीडी में आया था। उस रोज इसका कोविड-19 सैंपल लेने के बाद आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया गया था। 29 मई को युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। ऋषिकेश के गढ़ी श्यामपुर निवासी 18 वर्षीय युवक की रविवार की सुबह मृत्यु हो गई। मृतक के स्वजनों को सूचित कर दिया गया है।

पौड़ी में आए छह नए मामले  पौड़ी जनपद में कोरोना संक्रमण के 6 नए मामले आए हैं, जिनमें पांच पॉबौ ब्लॉक और एक थलीसैंण ब्लॉक का है। कुछ दिन पूर्व पॉबौ ब्लॉक की एक महिला कोरोना पॉजिटिव आई थी। उक्त महिला अपनी बहू और तीन बच्चों के साथ एक प्राइवेट कार से दिल्ली से यहां पहुंची थी। बुजुर्ग महिला के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद उसके साथ आए इन सभी लोगों का भी सैंपल लिया गया था। अब इनका सैंपल भी कोरोना पॉजिटिव आए हैं। वहीं, थलीसैंण ब्‍लॉक का एक व्यक्ति भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है, जो बीते 21 मई को मुंबई से आया था। इसके अलावा पॉबौ ब्‍लॉक का एक अन्य युवक भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है।

टिहरी में दो नए मामले  टिहरी जिले के दो और युवक कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। 21 मई को भिलंगना ब्लॉक निवासी दोनों महाराष्ट्र से ऋषिकेश आए थे, जिसके बाद से ही वो नरेंद्रनगर पॉलिटेक्नीक में क्वारंटाइन। इनको मिलाकर अब जिले में 76 मामले सामने आ चुके हैं।

12 वर्षीय किशोरी कोरोना पॉजिटिव  एम्स ऋषिकेश में दो लोगों की कोरोना रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव पाई गई है। एम्स के जनसंपर्क अधिकारी हरीश मोहन थपलियाल ने बताया कि बीते शनिवार देर रात रानीपोखरी डांडी निवासी 12 वर्षीय किशोरी कोरोना पॉजिटिव पाई गई। उन्होंने बताया कि इस किशोरी की मां पहले ही कोरना संक्रमित पाई गई हैं और उनका दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसके अलावा शीशमझाड़ी, मुनिकीरेती निवासी एक 29 वर्षीय युवक की रिपोर्ट भी कोविड पॉजिटिव आई है, जिसका बीते शनिवार को एम्स की कोविड स्क्रीनिंग ओपीडी में सैंपल लिया गया था। युवक बीते दिनों दिल्ली से लौटा था और आइडीपीएल लेवर कॉलोनी में होम क्वारंटीन था। इसके अलावा उत्तरकाशी से आए एक, नरेंद्रनगर के दो और रुड़की से आए दो सैंपल भी पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्होंने बताया कि कोविड पॉजिटिव मामलों से संबंधित जानकारी स्टेट सर्विलांस ऑफिसर को दे दी गई है।

उत्तरकाशी में छह नए कोरोना पॉजिटिव केस  सीमांत जनपद उत्तकाशी में रविवार को छह नए कोरोना पॉजिटिव केस आए हैं। ये सभी मुबंई से लौटने वाले प्रवासी हैं। इनमें पांच ऐसे हैं जो 19 मई उत्तरकाशी पहुंचे थे। ये सभी गढ़वाल मंडल विकास निगम में संस्थागत क्वारंटाइन किए गए, जबकि एक युवक 21 मई को मुंबई से लौटा। उसे बुखार की शिकायत थी। यह युवक कोविड सेंटर में भर्ती है। जनपद कोरोना पॉजिटिव के केस बढ़कर 20 हो गए हैं।

रुद्रप्रयाग में आया एक कोरोना पॉजिटिव  रुद्रप्रयाग जनपद में एक और व्यक्ति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। यह व्यक्ति  73 वर्षीय बुजुर्ग हैं और नई दिल्ली से लगभग 15 मई को आए थे। उन्‍हें एक होटल में संस्थागत क्‍वारंटाइन किया गया था। स्वास्थ्य विभाग ने 25 मई को उनका सैंपल लिया था। जिसकी रिपोर्ट बीती रात आई। स्वास्थ्य विभाग ने बुजुर्ग व्यक्ति को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया है, जबकि कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग में पुलिस व स्वास्थ्य विभाग जुट गया हैं। आज तक जनपद में कुल छह कोरोना पॉजिटिव हो गए है, जबकि दो की जांच देहरादून में हुई थी। इनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। यह दोनों कोटेश्वर आइसोलेशन वार्ड में भर्ती हैं।

दून मेडिकल कॉलेज अस्‍पताल की डॉक्‍टर कोरोना पॉजिटिव  वहीं, दून मेडिकल कालेज अस्पताल में तैनात महिला एनेस्थेटिस्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। अस्पताल के किसी स्टाफ में संक्रमण का यह पहला मामला है। यह डॉक्‍टर आइसीयू में तैनात थी। संक्रमित डॉक्‍टर को वार्ड में भर्ती किया गया है।

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज का आवास देहरादून में म्यूनिसिपल रोड पर है। इसका दूसरा हिस्सा सर्कुलर रोड पर भी खुलता है। हाल में दिल्ली से कुछ लोग उनके यहां आए थे, जिन्हें सर्कुलर रोड की तरफ खुलने वाले गेस्ट हाउस व कार्यालय में क्वारंटाइन किया गया। महाराज व उनका परिवार म्यूनिसिपल रोड की ओर तरफ वाले आवास में रहता है। इस बीच कैबिनेट मंत्री महाराज की पत्नी एवं पूर्व मंत्री अमृता रावत की तीन दिन पहले तबीयत खराब हुई। शनिवार सुबह एक निजी लैब में उनकी कोरोना जांच कराई गई। शाम को मिली रिपोर्ट में वह कोरोना पॉजिटिव निकलीं। कैबिनेट मंत्री महाराज के ओएसडी अभिषेक शर्मा ने इसकी पुष्टि की। बताया कि स्वास्थ्य विभाग की जो भी दिशा-निर्देश होंगे, उसका पालन किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री महाराज और उनका परिवार घर पर ही क्वारंटाइन में है।

      उधर, पूर्व मंत्री अमृता रावत के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, कैबिनेट मंत्री महाराज के स्वजनों ने खुद पहल कर महाराज समेत संपर्क में आए स्वजनों व स्टाफ के 41 लोगों की सूची सौंपी है। पूर्व मंत्री अमृता रावत को अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री महाराज की भी कोरोना जांच होगी। डीएम डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि अन्य लोगों की कॉन्टैक्ट टेसिंग की जा रही है। प्राइमरी कॉन्टैक्ट में आए लोगों को क्वारंटाइन करने के साथ ही इनकी कोरोना जांच होगी। इसके बाद सेंकेंडरी कॉन्टैक्ट भी क्वारंटाइन होंगे।

सतपाल महाराज के घर से लगी गली सील  कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के घर की म्युनिसिपल रोड की गली सील की जा रही है। डीएम डॉ.आशीष श्रीवास्तव ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह भी देखा जाएगा कि महाराज के आवास में सर्कुलर रोड से किसी की आवाजाही तो नहीं। यदि ऐसा पाया गया तो इसे भी सील किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button