National

चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में चुनाव आयोग ने सीएम केजरीवाल को भेजा नोटिस

नई दिल्ली। चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में मतदान से एक दिन पहले शुक्रवार को चुनाव आयोग ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को नोटिस दिया है। उन पर चुनाव प्रचार के दौरान सोशल मीडिया पर ऐसा वीडियो पोस्ट करने का आरोप है, जिससे सांप्रदायिक सद्भाव बिगड़ सकता है। चुनाव आयोग ने उन्हें आठ फरवरी को शाम पांच बजे तक जवाब देने का निर्देश दिया है। आयोग ने अपने नोटिस में कहा है कि उन्होंने चार फरवरी को एक वीडियो ट्वीट किया था, जिसमें हिंदू मुसलमान से संबंधित बातें कहीं गई थीं। इस बाबत भाजपा ने चुनाव आयोग में शिकायत की थी। चुनाव आयोग ने माना है कि प्रथम दृष्टया केजरीवाल द्वारा पोस्ट किया गया वीडियो विवादित है।

      इससे पहले चुनाव आयोग ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता संजय सिंह को चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन में नोटिस जारी किया है। दोनों नेताओं पर विवादित बयान देने का आरोप है। आयोग ने उनसे शुक्रवार को जवाब देने का निर्देश दिया है। योगी आदित्यनाथ ने करावल नगर में चुनावी रैली के दौरान मुख्यमंत्री केजरीवाल पर विवादित बयान दिया था। उन्होंने रैली में कहा था कि केजरीवाल शाहीन बाग के प्रदर्शनकारियों को बिरयानी खिला रहे हैं। यह भी कहा गया था कि केजरीवाल के खांसते-खांसते आज पूरी दिल्ली खांस रही है। एक पाकिस्तानी मंत्री केजरीवाल के समर्थन में बयान क्यों दे रहा है? बयान को आपत्तिजनक बताते हुए आयोग ने उन्हें नोटिस जारी कर शुक्रवार शाम पांच बजे तक जवाब देने के लिए कहा था।

      वहीं प्रचार के दौरान संजय सिंह ने एक साक्षात्कार में कथित तौर पर कहा था कि भाजपा यहां (दिल्ली में) ऐसी परिस्थिति उत्पन्न कर रही है, जिससे शाहीन बाग और जामिया क्षेत्र में गंभीर परेशानी खड़ी हो सकती है। आयोग ने नोटिस में कहा है कि इस बयान से मतदाताओं के बीच भ्रम और अफरातफरी फैलने की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता है। उन्हें शुक्रवार दोपहर दोपहर 12 बजे तक ही जवाब देने के लिए कहा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button