National

दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए शनिवार सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगा मतदान

नई दिल्ली । दिल्ली विधानसभा की 70 सीटों के लिए शनिवार सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो जाएगा, जो शाम छह बजे तक चलेगा। इस दौरान, एक करोड़ 47 लाख 86 हजार 382 मतदाता 672 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। यह चुनाव तय करेगा कि मतदाता मौजूदा आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार को तीसरी बार मौका देते हैं या भाजपा का 22 साल का वनवास खत्म होता है या फिर पूर्व में लगातार 15 साल सत्ता में रही कांग्रेस वापसी करती है। वहीं, मतगणना 11 फरवरी को होगी।

13750 बूथों पर होगा मतदान  चुनाव आयोग ने कुल 2688 मतदान केंद्रों के 13750 बूथों पर मतदान की तैयारी पूरी कर ली है। इन केंद्रों पर ईवीएम शुक्रवार शाम को ही पहुंचा दी गई हैं और पोलिंग टीम भी शाम को ही पहुंच गईं। दिल्ली में ऐसा पहली बार हुआ है, जबकि विधानसभा चुनाव में मतदान केंद्रों पर एक दिन पूर्व ही कर्मचारियों व ईवीएम को पहुंचाया गया है।

तीन विधानसभा क्षेत्रों में ईवीएम होगी इस्तेमाल  तीन विधानसभा क्षेत्रों के मतदान केंद्रों पर दो ईवीएम इस्तेमाल की जाएंगी, क्योंकि इन सीटों पर 15 से ज्यादा प्रत्याशी मैदान में हैं। इनमें सर्वाधिक नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से 28, बुराड़ी से 22 व करावल नगर से 18 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं।

पटेल नगर में सबसे कम प्रत्याशी  सबसे कम चार प्रत्याशी पटेल नगर विधानसभा क्षेत्र में है। पहली बार दिल्ली के 11 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की पहचान के लिए उनके पहचान पत्र के क्यूआर कोड को स्कैन किया जाएगा। यह तरीका झारखंड विधानसभा चुनाव में कुछ मतदान केंद्रों पर इस्तेमाल किया गया था।

आक्रामक रहा प्रचार  यह चुनाव कई मायने में खास है। आम आदमी पार्टी की ओर से मुख्यमंत्री अरविंंद केजरीवाल ने सत्ता में वापसी के लिए अकेले दम पर पूरी दिल्ली में प्रचार किया और सौ से अधिक रोड शो व सभाएं कीं। वहीं पूरी भाजपा मैदान में उतरी। पूर्व पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने स्वयं प्रचार की कमान संभाली। उन्होंने 60 विधानसभा क्षेत्रों में 52 रोड-शो व सभाएं कीं। उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, कई केंद्रीय मंत्रियों, 300 सांसदों व दूसरे राज्यों के मुख्यमंत्रियों व पूर्व मुख्यमंत्रियों ने भी प्रचार किया। इस दौरान प्रधानमंत्री की तीन रैलियां भी हुईं। कांग्रेस की ओर से प्रचार की शुरुआत में कोई राष्ट्रीय नेता नहीं उतरा, लेकिन अंतिम दिनों में पार्टी वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने चार और प्रियंका वाड्रा ने दो रैलियां कीं।

मैदान में सूरमा आम आदमी पार्टी के बड़े चेहरे  इस चुनाव में अरविंद केजरीवाल के साथ ही उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया व मंत्री गोपाल राय, सत्येंद्र जैन, कैलाश गहलोत, इमरान हुसैन और राजेंद्र पाल गौतम चुनाव लड़ रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल और उपाध्यक्ष राखी बिड़ला भी मैदान में हैं।

भाजपा के बड़े चेहरे  भाजपा की ओर से विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता, राष्ट्रीय सचिव आरपी सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक मोहन सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री रविंद्र गुप्ता, पूर्वी दिल्ली नगर निगम में उपमहापौर संजय गोयल, पूर्वांचल मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष सिंह, प्रदेश भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) अध्यक्ष सुनील यादव मैदान में हैं।

कांग्रेस के बड़े चेहरे  कांग्रेस की ओर से दिल्ली के पूर्व मंत्री डॉ. एके वालिया, डॉ. नरेंद्र नाथ, अर¨वदर ¨सह लवली, हारून यूसुफ, पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ, पूर्व सांसद परवेज हाशमी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चोपड़ा की बेटी शिवानी चोपड़ा व प्रचार समिति के अध्यक्ष कीर्ति आजाद की पत्नी पूनम आजाद चुनाव लड़ रही हैं।

बंद रहेगा चिडि़याघर मतदान को देखते हुए शनिवार को दिल्ली का चिडि़याघर पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। हालांकि पुराना किला सामान्य रूप से खुला रहेगा।

दफ्तरों में अवकाश घोषित  दिल्ली में सभी सरकारी व निजी क्षेत्र के कार्यालयों व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अवकाश घोषित की गई है। ताकि मतदान में कोई अड़चन न हो।

सुबह चार बजे से चलेगी मेट्रो  चुनावी ड्यूटी में तैनात अधिकारियों की सुविधा के लिए सुबह चार बजे मेट्रो का परिचालन शुरू हो जाएगा। सुबह छह बजे तक आधे घंटे के अंतराल पर मेट्रो उपलब्ध होगी। 39 रूटों पर डीटीसी बसें भी सुबह चार बजे से चलाई जाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button