Politics

दो विधानसभा सीटों जींद और रामगढ़ के उपचुनाव में सत्तारूढ़ पार्टी के उम्मीदवारों को मिली जीत

नई दिल्ली। आज देशभर की निगाहें दो विधानसभा सीटों जींद और रामगढ़ (Jind and Ramgarh) के उपचुनाव (Bypoll Results) के परिणामों पर लगी थी। दोनों ही उपचुनाव में सत्तारूढ़ पार्टी के उम्मीदवारों को जीत मिली है। राजस्थान के रामगढ़ (Ramgarh) में कांग्रेस (Congress) और हरियाणा की जींद (Jind) विधानसभा से भाजपा (BJP) को जीत हासिल हुई है। बता दें कि दोनों सीटों पर 28 जनवरी को मतदान हुआ था। रामगढ़ और जींद दोनों जगह त्रिकोणीय संघर्ष नजर आ रहा था। हालांकि, चुनाव परिणामों ने साफ कर दिया कि लोगों ने सत्तारूढ़ दल पर भरोसा जताया है। रामगढ़ में कांग्रेस की साफिया जुबैर (Safia Zuber) जीत गई हैं। वहीं, जींद में पहली बार लोगों ने भाजपा की ओर से कृष्ण मिड्ढा (Krishan Middha) को विधायक चुनकर भेजा है। यहां कांग्रेस के रणदीप सिंह सुरजेवाला (Randeep Surjewala) तीसरे नंबर पर रहे। इनेलो के दो फाड़ होने के बाद बनी जननायक जनता पार्टी (JJP) ने दमदार उपस्थिति दर्ज करवाई और दिग्विजय चौटाला दूसरे नंबर पर रहे।

Live Updates:-
– जींद उपचुनाव में मिली हार के बाद कांग्रेस प्रत्याशी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, ‘मैं आशा करता हूं कि सीएम मनोहर लाल खट्टर और कृष्ण मिड्ढा जींद के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेंगे। मुझे पार्टी की ओर से जिम्मेदारी दी गई थी, जिसे मैंने पूरी क्षमता से निभाया। मैं कृष्ण मिड्ढा को जीत की बधाई देता हूं।’

– जींद में हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी कृष्ण मिड्ढा ने जीत दर्ज की है। मिड्ढा ने 12935 वोट से जीत दर्ज की है। उन्होंने जननायक जनता पार्टी के दिग्विजय चौटाला को हराया। वहीं, कांग्रेस के रणदीप सुरजेवाला तीसरे नंबर पर रहे।

– जींद में भाजपा की जीत के बाद आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने ट्वीट किया कि जींद में भाजपा को जितवाने में इनेलो और कांग्रेस की मिलीभगत है। बता दें कि चुनाव में आम आदमी पार्टी ने जेजेपी को समर्थन दिया था।

– 12वें राउंड की गिनती के बाद भाजपा का मार्जिन घटा। जेजेपी को बढ़त। अब 13 हजार वोटों से भाजपा आगे।

– 11वें राउंड की गिनती के बाद भाजपा की जीत तय। 15960 वोटों से आगे चल रहे पार्टी प्रत्याशी कृष्ण मिड्ढा।

– दसवें राउंड की गिनती के बाद भाजपा को 15 हजार से ज्यादा वोट की बढ़त।

– जींद में मतगणना केंद्र के बाहर हंगामा कर रहे लोगों पर लाठीचार्ज हुआ है।

– जींद में नौवें राउंड के मतों की गिनती पूरी होने के बाद भाजपा के कृष्ण मिड्ढा 12236 से आगे चल रहे हैं। जननायक जनता पार्टी के उम्मीदवार दिग्विजय सिंह चौटाला दूसरे नंबर पर और कांग्रेस के रणदीप सिंह सुरजेवाला तीसरे स्थान पर टिके हुए हैं।

– रामगढ़ में मिली जीत पर राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ‘मुझे खुशी है कि लोगों ने सही कदम उठाया है और सही फैसला भी लिया है। मैं सभी का धन्यवाद करता हूं। लोगों ने सही संदेश दिया है, इसकी इस वक्त सख्त जरूरत थी। यह जीत आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी का हौसला बढ़ाएगी।’

– जींदः सातवें राउंड की गिनती के बाद भी भाजपा बढ़त बनाए हुए है। दिग्विजय चौटाला दूसरे और रणदीप सुरजेवाला तीसरे नंबर पर टिके हैं।

– जींदः छठे राउंड की गिनती के बाद भाजपा 10 हजार वोटों से आगे। जननायक जनता पार्टी दूसरे और कांग्रेस तीसरे नंबर पर।

– राजस्थानः राजस्थान की रामगढ़ विधानसभा सीट हुए उपचुनाव में कांग्रेस की सफिया जुबैर जीत गई हैं। उन्होंने 12228 वोटों से जीत दर्ज की है। वहीं बीजेपी को यहां पर हार का सामना करना पड़ा है। इसी जीत के साथ राजस्थान विधानसभा में कांग्रेस के 100 विधायक पूरे हो गए हैं। – जींदः पांच राउंड की गिनती के बाद भाजपा ने बनाई 5 हजार से ज्यादा की बढ़त। जननायक जनता पार्टी के दिग्विजय चौटाला दूसरे, सुरजेवाला तीसरे नंबर पर खिसके।

– रामगढ़ः 19 राउंड की गिनती के बाद भी कांग्रेस की 9 हजार से ज्यादा वोटों की बढ़त कायम। भाजपा दूसरे और बसपा तीसरे नंबर पर।

– जींदः चौथे राउंड की गिनती के बाद भाजपा ने बनाई बढ़त। जेजेपी दूसरे नंबर पर और कांग्रेस के सुरजेवाला तीसरे नंबर पर चल रहे हैं।

– तीन राउंड की गिनती के बाद भी दिग्विजय चौटाला बढ़त बनाए हुए हैं। यहां सुरजेवाला अभी भी तीसरे नंबर पर चल रहे हैं।

– रामगढ़ में 10 राउंड की गिनती पूरी होने के बाद कांग्रेस ने बनाई 9 हजार से ज्यादा वोटों की बढ़त।

– जींदः जींद से आए रुझानों में अभी तक जननायक जनता पार्टी के दिग्विजय चौटाला सबसे आगे चल रहे हैं, उसके बाद भाजपा और कांग्रेस के रणदीप सिंह सुरजेवाला तीसरे स्थान पर हैं। वहीं, इनेलो चौथे स्थान पर है।

– रामगढ़ में से आए रुझानों में शुरुआत में कांग्रेस को बढ़त मिली हुई है। यहां 9773 वोटों के साथ कांग्रेस पहले, 7094 वोटों के साथ भाजपा दूसरे और 1005 वोट के साथ बसपा तीसरे नंबर पर है।

– राजस्थान में रामगढ़ विधानसभा सीट के लिए मतगणना शुरू हो चुकी है। मतगणना से पहले कुछ ऐसा रहा केंद्र का नजारा।

– दोनों सीटों पर मतगणना शुरू हो चुकी है। थोड़ी देर में दोनों सीटों के रुझान आने शुरू होंगे

रामगढ़ का गणित
रामगढ़ की जीत के साथ ही राजस्थान विधानसभा में 200 सदस्यों का कोरम पूरा हो गया है। वहीं, कांग्रेस के भी विधायकों का आंकड़ा तीन अंकों में (100) पर आ गया है।  अभी पार्टी सहयोगी दल के सदस्यों के समर्थन से सत्ता में है। इस परिणाम से कांग्रेस बहुमत के नजदीक पहुंच गई है।

उल्लेखनीय है कि सात दिसम्बर को राजस्थान विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पूर्व रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिेए गए थे। यहां दो महिलाओं सहित 20 उम्मीदवार चुनाव मैदान थे।

बहुजन समाजवादी पार्टी (बसपा) ने पूर्व केन्द्रीय मंत्री नटवर सिंह के पुत्र जगत सिंह को चुनाव मैदान में उतारा, जबकि सत्ताधारी कांग्रेस ने अलवर की पूर्व जिला प्रमुख साफिया जुबेर खान को और भाजपा ने पूर्व प्रधान सुखवंत सिंह को मैदान में उतारा था।

जींद का रण 
जाटलैंड जींद का सिकंदर कौन होगा। इस बारे में सुबह तक कोई भी कुछ स्पष्ट संकेत नहीं दे रहा था। लेकिन दोपहर आते-आते ये साफ हो गया है कि यहां के लोगों ने मौजूदा सरकार पर ही भरोसा जताया है। यहां भाजपा की जीत हुई है और इसके साथ ही भाजपा का जींद में खाता भी खुल गया है।

जाटलैंड में आज तक भाजपा नहीं जीत पाई थी। अब भाजपा इस जीत को आगामी लोकसभा चुनाव में भी भुनाने की कोशिश करेगी। वहीं, इनेलो के दो फाड़ होने के बाद बनी जननायक जनता पार्टी ने इस चुनाव के साथ ही राजनीति में अपनी दमदार उपस्थिति दर्ज कराई है। तीसरे नंबर की हार से एक बार फिर कांग्रेस को नए सिरे से अपनी रणनीति बनानी होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button