News UpdateUttarakhandसिटी अपडेट

लापता लोगों की खोज को चले सर्च अभियान में मिले चार नर कंकाल

देहरादून। केदारनाथ आपदा में लापता हुए लोगों के कंकालों की खोजबीन के लिए चल रहे सर्च अभियान के पांचवें दिन रविवार सुबह टीम को चार नर कंकाल मिले हैं। ये नर कंकाल रामबाड़ा के ऊपरी तरफ खोजबीन के दौरान पाए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग टीम द्वारा नर कंकालों का डीएनए सैंपल लेने के बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा।
बीते 16 सितंबर को चार दिवसीय सर्च अभियान शुरू किया गया था। पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में 10 टीमों को केदारनाथ से जुड़े अलग-अलग ट्रेकिंग रूट पर भेजा गया था। चार दिन तक टीम को एक भी नर कंकाल नहीं मिला था। इसलिए नौ टीमें बीते शनिवार को वापस आ गई थीं। जबकि एक टीम का अभियान रविवार तक बढ़ा दिया गया था। आज सुबह इस टीम को चार नर कंकाल मिले हैं। उल्लेखनीय है कि 16-17 जून 2013 की केदारनाथ आपदा में हजारों लोग मारे गए थे। रेस्क्यू दलों द्वारा चार हजार से अधिक शव बरामद किए गए थे, लेकिन कई लोगों का पता नहीं चल पाया है। नर कंकालों की खोजबीन के लिए बीते छह वर्षों में शासन द्वारा कई सर्च अभियान चलाए जा चुके हैं, जिसमें 600 से अधिक कंकाल मिले थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button