National

बिहार: कोसी नदी में नाव पलटने से आठ लापता, शादी में शरीक होकर लौट रहे थे 15 लोग

भागलपुर । बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र के रामनगर बिंदटोली के समीप रविवार की दोपहर कोसी नदी में नाव डूबने के बाद से आठ लोग लापता हैं। छोटी सी नाव पर 15 लोग सवार थे। इनमें से सात लोगों को ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाल लिया है।
नौका पर सवार लोग पूर्णिया जिले के रूपौली थाना क्षेत्र स्थित टोपिया बिंदटोली से शादी समारोह में शरीक होकर वापस लौट रहे थे। बिंदटोली निवासी भिखारी महतो की 27 अप्रैल को शादी थी, जिसमें शरीक होने के लिए नवगछिया के रामनगर बिंदटोली से उनके परिवार वाले पहुंचे थे। शादी मुंगेर जिले के चंडी स्थान में हुई थी। वहां से परिवार के लोग 28 अप्रैल को टोपिया बिंदटोली लौटे।
29 अप्रैल की दोपहर दो बजे वहां से सभी लोग रामनगर बिंदटोली वापस आ रहे थे। साथ में दूल्हा भिखारी महतो भी थे। ये लोग मछली पकडऩे वाली एक छोटी नौका पर सवार थे। गांव के समीप ही अचानक नौका अनियंत्रित होकर पलट गई और सभी लोग नदी में डूब गए। आसपास के ग्रामीणों ने सात लोगों को नदी से सुरक्षित निकाल लिया। इन सभी को इलाज के लिए नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है। घटना के छह घंटे बाद एसडीआरएफ की टीम भागलपुर से नवगछिया पहुंची। इसको लेकर लोगों में भारी आक्रोश था। अंधेरा होने तक ग्रामीणों द्वारा खुद ही नदी में जाल डालकर डूबे लोगों को खोजा जा रहा था। लेकिन सफलता नहीं मिली थी।

लापता लोगों की सूची 
नवगछिया थाना क्षेत्र के रामनगर बिंदटोली निवासी राजकुमार महतो के पुत्र लक्ष्मण महतो। बलराम महतो की पुत्री सोनी कुमारी, खुशबू कुमारी और पुत्र नीलेश कुमार। गोपालपुर थाना क्षेत्र के करारी तिनटंगा निवासी वेदानंद महतो के पुत्र राजू कुमार, मुन्ना कुमार और पुत्री गूंजा कुमारी, मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के चंडीस्थान निवासी फुदन महतो की पुत्री रीता कुमारी शामिल हैं।

सुरक्षित निकाले गए सात लोग 
पूर्णिया जिले के रुपौली थाना क्षेत्र के टोपिया बिंदटोली निवासी परमेश्वर महतो के पुत्र भिखारी महतो। नवगछिया के रामनगर बिंदटोली निवासी रामबहादुर महतो के पुत्र अमृत कुमार। पवन महतो की पत्नी विद्या देवी। परशुराम शर्मा के पुत्र अंकुश कुमार। बंटी मंडल की पुत्री आरती कुमारी। मुंगेर जिले के बरियारपुर थाना क्षेत्र के चंडीस्थान निवासी बबलू महतो की पुत्री निभा कुमारी। सुदनी मंडल की पुत्री आरती कुमारी शामिल हैं। शादी समारोह से सभी लोग वापस लौट रहे थे। कुछ ही दूरी पर पीपा पुल था। फिर भी ये लोग छोटी नाव से आ रहे थे। नाव पर क्षमता से अधिक लोग सवार थे। इस कारण नाव नदी में डूब गई। आठ लोग लापता हैं। सात लोगों को नदी से सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। भागलपुर से एसडीआरएफ टीम के पहुंचते ही लापता लोगों की खोज नदी में की जाएगी।
निधि रानी, एसपी नवगछिया 
कोसी नदी किनारे एसडीआरएफ की टीम कैंप कर लापता लोगों को खोजने का काम करेगी। एसडीआरएफ की टीम भागलपुर से आ रही है। शव बरामदगी होने पर उनके आश्रितों को मुआवजा राशि दी जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button